सोनुआ (चक्रधरपुर): दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी को जेल भेजने मे देरी होने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए और गुरुवार को सोनुआ थाना का घेराव कर दिया. इस कारण करीब 1 घंटे तक सोनुआ-चक्रधरपुर मेन रोड पर जाम लगा रहा.
हालांकि ग्रामीणों के सामने आरोपी को जेल भेजा गया तब जाकर लोगों ने जाम हटाया. ग्रामीणों ने बुधवार को आरोपी को पकड़ पुलिस को सौंपा था.
आरोपी युवक सोनुआ बाजार क्षेत्र का निवासी है. 9 साल की बच्ची को अकेली पाकर युवक ने उसे पकड़ लिया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म करने का प्रयास कर रहा था. इस दौरान बच्ची के शोर मचाने पर वहां ग्रामीण पहुंच गए और दुष्कर्म का प्रयास कर रहे आरोपी युवक को पकड़ लिया. इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को सोनुआ थाना पुलिस के हवाले कर दिया था.

