नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भूकंप के झटके मानों आम हो गए हैं. लेकिन इस बार एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी है कि दिल्ली दिल्ली-एनसीआर में एक बड़ा भूकंप आ सकता है.
एक्सपर्ट ने दावा किया है कि पिछले कुछ महीनों से हल्के भूकंप के झटके आना किसी बड़े भूकंप का संकेत है. टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में बड़ा भूकंप आने वाला है. इसकी चेतावनी IIT (ISM) धनबाद के डिपार्टमेंट्स ऑफ अप्लाइड जियोफिजिक्स और सीस्मोलॉजी ने लंबी रिसर्च के बाद दी है.
रिपोर्ट के मुताबिक, IIT धनबाद में सीस्मोलॉजी डिपार्टमेंट के हेड पीके खान ने कहा है कि कम तीव्रता के झटके बार-बार लगना एक बड़े भूकंप का संकेत होता है.
पीके खान ने कहा, पिछले दो सालों से दिल्ली-NCR में रिक्टर स्केल पर 4 से 4.9 तीव्रता वाले 64 भूकंप आ चुके हैं. 5 से ज्यादा तीव्रता वाले 8 भूकंप आ चुके हैं. इन सभी आंकड़ों को देखकर जो रिसर्च किया गया है उसके मुताबिक पीके खान ने कहा, यह दिखाता है कि इलाके में स्ट्रेन एनर्जी बढ़ रही है खासतौर से नई दिल्ली और कांगड़ा के नजदीक.
पीके खान ने कहा है कि एनसीआर और उत्तरकाशी की दूरी सिर्फ 260 किलोमीटर है. वहीं कांगड़ा 370 किलोमीटर दूर है. इसी वजह से यह दोनों इलाके खतरनाक भूकंप आने के लिए जाने जाते हैं. इसी वजह से इस फॉल्ट लाइन पर एक बड़ा भूकंप दिल्ली-NCR को प्रभावित करेगा.
उन्होंने बताया कि दिल्ली-हरिद्वार रिज पर भी हलचल देखी जा सकती है. वहां हर साल प्लेट में 44 मिलीमीटर का मूवमेंट देखने को मिल रहा है.

