नई दिल्ली: आईआईटी दिल्ली में एक बार फिर मानसिक दबाव एक छात्रा की जिंदगी पर भारी पड़ा है. यहां 18 वर्षीय एक छात्रा की मौत परिसर में बनी हॉस्टल बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल से गिरने से हो गई. फिलहाल इस घटना को लेकर आत्महत्या का संदेह जताया जा रहा है.
बिल्डिंग से गिरने के बाद छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान छात्रा ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. लड़की की मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई के कारण तनाव में थी. फिलहाल घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट अभी नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
किशनगढ़ थाना पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को को बताया, “छात्रा की मौत इलाज के दौरान मंगलवार को दिल्ली स्थित एम्स के ट्रामा सेंटर में हुई. छात्रा का नाम अनन्या गुप्ता है. अनन्या दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद जिले में रहती थी. प्राथमिक जांच में पता चला है कि घटना से कुछ देर पहले अनन्या मोबाइल पर मां से बात कर रही थी.
छात्रा की मां ने पुलिस को बताया कि 8 नवंबर को उनकी बेटी ने उन्हें संस्थान में बुलाया था. मां सुनीता सुबह आठ बजे के करीब आईआईटी परिसर में बेटी के पास पहुंची थी. उस दिन एक बजे तक सुनीता, बेटी के साथ रहकर वापिस चली गईं.
उसी दिन शाम करीब पांच बजे लेक्चरार हॉल परिसर में सुरक्षाकर्मी ने किसी के गिरने की आवाज सुनी. तब अनन्या जख्मी हालत में पड़ी मिली. अनन्या को तत्काल अस्पताल में दाखिल कराया, जहां 12 नवंबर को उसकी मौत हो गयी.

