लखीसराय: लखीसराय मुख्य बाजार की तंग सड़कें और इन सड़कों पर वाहनों का बढ़ता जाल हर रोज शहर को जाम की समस्या झेलने को मजबूर करता है. इन सबके बीच फुटपाथों को जिस तरह अवैध कब्जा कर लिया गया है.
इससे वाहन ड्राइवर व आम लोगों की मुसीबतें और भी बढ़ गई हैं. जिला प्रशासन के पास न तो बेहतर प्लान है और न ही जाम की इस समस्या से छुटकारा दिलाने का समाधान!
दरअसल, लखीसराय का शहरी क्षेत्र खासकर मुख्य बाजार लंबे समय से अवैध कब्जा और अवैध कब्जे से होने वाली जाम की समस्यो से ग्रसित हो गया है.
कई बार जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के प्रयास तो हुआ, पर यह कार्रवाई महज कुछ दिनों ही काम आ सकी. आज भी शहर जाम की समस्या से निकल नहीं पाया है.
सड़क पर लगभग रोज जाम की समस्या बनी रहती है. शहर की सड़कों पर जाम लगने का मुख्य कारण अवैध कब्जा और वाहनों का गलत तरीके से चलना है.
फुटपाथों पर बढ़ रहा अवैध कब्जा
दुकानदारों के द्वारा सड़क के किनारे फुटपाथ पर अवैध कब्जा कर दुकान लगाने का काम लगातार जारी है. बाकी सड़क के दोनों किनारे ठेले वालों ने कब्जा कर रखा है.
दुकान के अंदर जाने वाले ग्राहकों को फुटपाथ को छोड़ सड़क पर वाहन लगाना पड़ता है.
दोनों तरफ से एकसाथ वाहन के गुजरने की नौबत आई तो जाम लगना निश्चित है.
खासकर इन जगहों से है जाम की समस्या
रेलवे पुल, पंजाबी मुहल्ला मोड़, डाकघर, पचना रोड चोक और कबैया रोड मोड़ पर दुकानदारों के अवैध कब्जे से जाम की समस्या होती है.
कबैया रोड मोड़ पर तो सड़क किनारे स्थाई सब्जी की दर्जनों दुकान लगती है. जिला प्रशासन और नगर परिषद को इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए ठोस कदम उठाना की जरूरत है. तभी जाकर लखीसराय शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी.

