रांची: जमशेदपुर पूर्वी से निर्वाचित निर्दलीय विधायक सरयू राय ने कहा है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को खुलासा करना चाहिए कि विगत पांच वर्षों तक झारखंड में सरकार और खस्ताहाल के बारे में उन्हें कौन गुमराह करता रहा. उन्होंने शनिवार को ट्वीट कर कहा कि उन्हें नुकसान पहुंचाने के षड़यंत्र में भाजपा को गर्त में पहुंचा दिया. 2009 में भी ऐसा ही हुआ था तब तो सबक नहीं लिया, अब तो चेतिये.
उन्होंने यह भी सवाल उठाते हुए कि क्या अमित शाह को पता नहीं था कि झारखंड सरकार के 30 विभागों में से उनके लाड़ले मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 16 विभाग अपने पास रखा था, जिनमें बड़े और मलाईदार कहे जाने वाले सभी विभाग शामिल थे. उन्होंने संविधान को ताक पर रखकर 11 में से एक मंत्री का पद और पांच वर्षां तक खाली क्यों रखा.
सरयू राय ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह विगत पांच वर्षां में झारखंड के विकास की असलियत पता करें, तब इस बारे में मीडिया में बोलें. इन दिनों यहां केवल विकास कार्यक्रमों को लागू करने में ही भ्रष्टाचार नहीं हुए, बल्कि भ्रष्टाचार करने की नीयत से ही विकास कार्यक्रम चलाये गये.


