जमशेदपुरः साइबर अपराधियों ने पूर्वी सिंहभूम जिले के बरसोल थाना क्षेत्र के मानुषमुडिया निवासी सेवानिवृत शिक्षक अश्विनी कुमार साहू के बैंक खाते से ढाई लाख रुपए की अवैध रूप से निकासी कर ली. शिक्षक की शिकायत पर बिष्टुपुर साइबर थाना में मोबाइल नंबर 7970862650 के धारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है जिसकी जांच पुलिस कर रही है. शिक्षक ने शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर 7970862650 से फोन कॉल आया. कहा कि आपके खाते से अधिक रकम डिबेट हो रहा है. अगर आप क्यूआर कोड बताएंगे तो इसे रोक दिया जाएगा. पूछे जाने के बावजूद क्यूआर कोड नहीं बताया. बावजूद उनके खाते से तीन बार में ढाई लाख रुपये की निकासी कर ली गई. बैक खाता एसबीआइ में है. शिक्षक ने बताया कि उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी बावजूद उनके खाते से रुपए की निकासी हो गई. दूसरी ओर टाटा स्टील की सेवानिवृत्त कर्मचारी महिला विद्या तिवारी के बैंक खाते से अवैध रूप से दो लाख दो हजार रुपये यूको बैक और एक्सिस बैंक के एक व्यक्ति के खाते में स्थानांतरित हो गए. शिकायत में विद्या तिवारी ने बताया कि बिष्टुपुर के एसबीआइ पीबी शाखा में उनका बैंक खाता है. न तो किसी को चेक दिया और ना ही रुपए किसी को स्थानांतरित किए, लेकिन उनके खाते से रुपए निकासी कर दूसरे खाते में स्थानांतरित कर दिए गए. इसकी जांच पुलिस कर रही है..

