दिल्ली: दिल्ली में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भरोसा दिलाया है कि अब राजधानी में कोरोना टेस्टिंग में कोई समस्या नहीं होगी.
अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि पहले दिल्ली में हर दिन पांच हजार टेस्ट होते थे जो अब करीब तीन गुना हो गए हैं. केजरीवाल ने भरोसा दिलाया कि दिल्ली में अब हर दिन 18 हजार टेस्ट हो रहे हैं और ऐसे में लोगों को कोई समस्या नहीं होगी.
केजरीवाल ने साथ ही चीन के साथ सीमा पर जारी गतिरोध का भी मुद्दा उठाया. केजरीवाल ने कहा कि देश आज चीन के खिलाफ दो मोर्चों पर लड़ रहा है और दोनों में जीत होगी.
केजरीवाल ने कहा, ‘हम हम चीन के खिलाफ दो लड़ाई लड़ रहे हैं. एक सीमा पर और दूसरा चीन से आए वायरस से. हमारे 20 बहादुर सैनिक अब वापस नहीं आ सकते लेकिन हम दोनों लड़ाई जीत कर रहेंगे.’
केजरीवाल ने ये भी बताया कि दिल्ली में लगभग अभी 25,000 ऐक्टिव केस हैं. मुख्यमंत्री के अनुसार इसमें से अस्पतालों में 6,000 और होम आइसोलेशन में 12,000 लोग हैं. केजरीवाल ने कहा कि अच्छी खबर ये है कि एक हफ़्ते में बस 1,000 एक्टिव केस बढ़े हैं.

