रांची: झारखंड में 19 जून को राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर बुधवार को महागठबंधन के विधायकों की बैठक हुई. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल समेत महागठबंधन के अन्य विधायकों की हुई बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई.
रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में रात करीब पौने दस तक चली बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्यसभा की दोनों सीटों पर जीत हासिल करने के लिए संख्या बल महागठबंधन के साथ है. उन्होंने भाजपा पर निर्वाचित विधायकों को उनके अधिकार से वंचित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह से लॉकडाउन कानून का उल्लंघन हुआ है, कार्रवाई भी होगी.

