नयी दिल्ली: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में एक युवती ने अपनी मां की मौत के सदमे में खुदकुशी कर ली है. एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि एम्स से एक लड़की के बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात को लापता होने की पुलिस को शिकायत मिली थी. उन्होंने बताया कि 23 साल की युवती अपनी मां को कैंसर का उपचार करवाने के लिए अस्पताल लाई थी. अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार को युवती की मां की मौत हो गई.
मां की मौत का सदमा युवती बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने अस्पताल के छत पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. अस्पताल के कर्मचारियों ने शनिवार को युवती का शव पड़ा हुआ देखा जिसके बाद इस मामले की सूचना अस्पताल प्रशासन और पुलिस को दी गई.
अधिकारी ने बताया कि युवती की मां के निधन पर उनके पिता कागजी कार्रवाई कर रहे थे तभी वह गायब हो गई थी. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है.

