रांची: रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने आए सभी नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां परिवारवाद नहीं है. क्योंकि यहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकता है.
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों का होना अनिवार्य है. यही कारण है कि जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया.
पिछले पांच सालों में हमारी सरकार आमजनों के भरोसे पर खरी उतरी है. भाजपा झारखंड में एक बड़ा बदलाव लेकर आयी है.
उन्होंने कहा कि यह बदलाव एक मजबूत और स्थिर सरकार की देन है. इसे और गति देने के लिए राज्य में फिर से एक मजबूत सरकार बनानी है.
पिछले पांच वर्षों में विकास की जो बुनियाद भाजपा ने रखी है उसे अभी और तीव्र गति प्रदान करनी है. उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार अपने नीतियों और कार्यक्रमों के माध्यम से जनविश्वास हासिल कर रही है.
उन्होंने कहा कि पार्टी जनता का आशीर्वाद फिर एक बार प्राप्त करेगी और 65 प्लस का लक्ष्य भी साकार होगा.
मिलन समारोह को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री सी पी सिंह ने कहा कि हमारी पार्टी 1980 से देश के विकास के लिए काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि चाहे किसान हो या मजदूर, व्यापारी हो या पत्रकार, महिला हो या अल्पसंख्यक, युवा हो या वृद्ध, सबका साथ, सबका विकास के मंतब्य के साथ पार्टी आगे बढ़ रही है.
इस सरकार ने सभी को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर झारखंडवासियों को स्वावलंबी बनाया है. उन्होंने कहा कि अपने इन्हीं समर्पण और जनकल्याकारी प्रयासों के कारण आज भाजपा हर दिल में अपनी जगह बना चुकी है.
मिलन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ राज्य के हर घर तक पहुंचा है.
डबल इंजन की सरकार में विकास के नये कीर्तिमान स्थापित हुए हैं. प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना, 1 रुपए में रजिस्ट्री, कृषि आशीर्वाद योजना, पेंशन योजना सहित सरकार की अनेकों ऐसी योजनाएं धरातल पर उतरी है.
जिससे आमजन पहली बार विकास की मुख्यधारा से जुड़ा है. सबका साथ सबका विकास सरकार की प्रतिबद्धता है.
परिणामस्वरूप गांव, गरीब, किसान के जीवन में एक सकारात्मक बदलाव आया है.
पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहे नेताओं का स्वागत करते हुए प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा आज लोगों की अत्यंत खास बन चुकी है.
एक हाथ में राष्ट्रवाद और दूसरे हाथ में विकास की लौ लिए भाजपा अपने दिल में अंत्योदय को आत्मसात करती है.
उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद और विकास के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करती जिसके कारण आज भाजपा को जनता का अपार जनसमर्थन मिल रहा है.
पार्टी की सदस्यता ग्रहण किए जन शक्ति मजदूर यूनियन सह ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित ओझा ने कहा कि 70 वर्षों में जो काम नहीं हुए वो पिछले पांच वर्षों में भाजपा सरकार ने कर दिखाया है.
भाजपा ने देश की हर समस्याओं को चुनौती के रूप में लिया और उसका समाधान निकालने के प्रति समर्पित रहे. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में आदिवासी, महिला, किसान अल्पसंख्यक हर वर्ग के विकास पर तेजी से काम हुआ है.
भाजपा सरकार में हर क्षेत्र स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, रोजगार आदि पर जिस तेजी से काम हुआ है.
कार्यक्रम का मंच संचालन सुबोध सिंह गुड्डू, ऑनलाइन सदस्यता शिवपूजन पाठक, धन्यवाद ज्ञापन संजय जायसवाल ने किया.
समारोह में पार्टी की सदस्यता लेने वालों राजद महासचिव भास्कर वर्मा, आजसू के सुनील यादव, विनोद यादव सहित कई लोग मौजूद थे.

