लोहरदगा: खान सुरक्षा महानिदेशालय रांची क्षेत्र के तत्वावधान में 32वें खान सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ समारोह का आयोजन हिंडाल्को लोहरदगा में किया गया.
यह सप्ताह 17 नवंबर से 24 नवंबर तक मनाई जाएगी. जिसमें रांची क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न खदानों का निरीक्षण किया जाएगा. जिसके लिए चार टीमों का गठन किया गया है.
इन टीमों को रांची, खूंटी, डालटनगंज, चतरा, गुमला, लोहरदगा के अंतर्गत आने वाले विभिन्न खदानों का निरीक्षण करना है.
इस मौके पर खान सुरक्षा महानिदेशालय रांची क्षेत्र के निदेशक उज्जवलता ने कहा कि खान सुरक्षा सप्ताह का आयोजन सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाता है.
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों में श्रम की गरिमा एवं स्वच्छता अभियान पर जागरूकता लाने की जरूरत पर बल दिया.
खान सुरक्षा महानिदेशालय रांची क्षेत्र के उप निदेशक मनोज गुप्ता ने भी निरीक्षण दलों के सदस्यों को जरूरी मार्गदर्शन दिए.
सिलिकोसिस जागरूकता का प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि असंगठित क्षेत्र के संविदा कर्मियों के कल्याण कार्यों तथा सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है.
इस अवसर पर हिंडाल्को के अध्यक्ष खान बिजेश झा ने कहा कि खान सुरक्षा सप्ताह हमें सुरक्षा के प्रति आत्मचिंतन एवं मंथन करने का अवसर देता है.
उन्होंने कहा कि खानों में सुरक्षा को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है.
इस कार्यक्रम के तहत सभी निरीक्षण दलों को उज्जवलता, मनोज गुप्ता, बिजेश झा तथा सेल के एस के सिंह द्वारा झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
इस मौके पर विभिन्न खानों के मालिक प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे.

