रांची: अंतर्राष्ट्रीय हाथ धुलाई दिवस के मौके पर राज्य के पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने रांची जिले के कांके प्रखण्ड अंतर्गत रडहा पंचायत के रतन टोला गांव में आयोजित कार्यक्रम में सभी लोगों से हाथ धोने की आदत को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की.
इस अभियान को व्यापक बनाने के लिए मिथिलेश ठाकुर ने सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर हैण्ड वासिंग यूनिट वितरित करने की योजना का भी शुभारंभ किया. एक अन्य कार्यक्रम का आयोजन नामकुम प्रखण्ड के चन्दाघासी पंचायत में किया गया, जहां मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने विभिन्न बीमारियों से बचने के लिए लोगों से हाथ धोने की अपील की.
इस मौके पर विभागीय मंत्री की ओर से हाथ धुलाई को लेकर ग्रामीणों को शपथ भी दिलायी गयी, जबकि मौके पर हाथ धुलाई पर हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया गया. इस दौरान पेयजल स्वच्छता मंत्री द्वारा स्वच्छता किट एवं हैण्डवासिंग यूनिट का भी वितरण किया गया.
पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने गुरुवार को सबसे पहले विभाग के वरीय पदाधिकारियों केसाथ रांची के कांके प्रखण्ड के रडहा पंचायत के रतन टोला में चल रही योजना का जायजा लिया. यह गांव पूर्ण रूप से उरांव आदिवासी बहुल है यहां सभी घरों में शौचालय का निर्माण स्वच्छत भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत कराया गया है.
गांव में शौचालय का प्रयोग सभी परिवारों द्वारा किया जा रहा है. यहां पर आदिवासी बहुल जलापूर्ति योजना अंतर्गत पेयजल की व्यवस्था भी सभी घरों के लिए किया गया है. पेयजल स्वच्छता मंत्री ने ग्रामीणों और अतिथिगण ने पूरे राज्य में साबुन से हाथ धुलाई के अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया, ताकि झारखंड को कोरोना, डायरिया एवं श्वसन से संबंधित बीमारियों से बचाया जा सके और अपने परिवार एवं राज्य को स्वस्थ्य रखा जा सके.
योजना का अवलोकन किया गया और अंर्तराष्ट्रीय हाथ धुलाई कार्यक्रम के अवसर पर ग्रामीणों के बीच साबुन से हाथ धुलाई की गई. इसको व्यापक बनाने के लिए सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर हैण्ड वासिंग यूनिट को वितरण किया गया. दूसरा कार्यक्रम नामकुम प्रखण्ड के चन्दाघासी पंचायत में आयोजित किया गया.
इस कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर, स्थानीय विधायक नवीन जयसवाल, जिला परिषद् अध्यक्ष सह जिला परिषद् सदस्य, आरती कुजूर, मुखिया और विभाग के पदाधिकारीगण सहित ग्रामीण उपस्थित थे. इस कार्यक्रम में अंर्तराष्ट्रीय हाथ धुलाई कार्यक्रम के अवसर पर विभिन्न गतिविधियाँ की जानकारी दी गयी.

