रांची: राजधानी रांची समेत राज्यभर में आज से फिर मौसम बदलने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है. राजधानी रांची और आसपास के अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश से ठंड बढ़ गयी है, वहीं कुहासे के कारण विमान सेवा भी प्रभावित हुआ है.
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में बादल छाये रहेंगे और अगले दो दिनों तक हल्की बारिश होने के भी आसार हैं. खराब मौसम की वजह से कल रांची में दो विमानों को रद्द कर दिया गया.
राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में आज सुबह से मौसम का मिजाज बदल गया है. आसमान पर बादलों ने डेरा डाल रखा है और हल्की बारिश भी हुई है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार झारखंड पर पश्चिमी विक्षोभ का असर है. गुरुवार को रांची के मौसम में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड बढ़ेगी. खराब मौसम के कारण मंगलवार को कई फ्लाइट्स लेट हो गईं, जबकि दो कैंसिल करनी पड़ी थी.
बच्चों का रखें ख्याल
सर्दियों के मौसम में तो हर उम्र के लोगों को विशेष देखभाल की जरूरत होती है, लेकिन बच्चों की खास देखभाल होनी चाहिए. मौसम परिवर्तन का असर सभी पर होता है, लेकिन इससे छोटे बच्चे सबसे अधिक प्रभावित होते हैं. अचानक तापमान बदलने से सर्दी-जुकाम और गले में इंफेक्शन और छोटे बच्चों को कई तरह की परेशानियां होती हैं. सर्दियों में छोटे बच्चों को गर्म रखना आवश्यक है. ठंड लगने पर बच्चों को सर्दी-जुकाम और खांसी की परेशानी होती है.

