रांची: झारखंड में सबसे अधिक कोरोना संक्रमित रांची जिले से ही मिले है. अब तक 83 कोरोना संक्रमित मरीजों में से 55 मरीज सिर्फ रांची जिले के ही है, जबकि 28 अन्य मामले राज्य के अन्य 10 जिलों के है. राजधानी रांची के लिए सबसे ज्यादा चिंताजनक बात यह उभरकर आयी है कि हिंदपीढ़ी की जगह अब शहर के अन्य हिस्सों से कोरोना संक्रमित मरीज सामने आये है.
राजधानी रांची में 31 मार्च से 25 अप्रैल तक कोरोना पॉजिटिव दो को छोड़ सभी मामले हिंदपीढ़ी क्षेत्र से ही मिल रहे थे, लेकिन 26 अप्रैल को 13 मामले मिले, जिसमें हिंदपीढ़ी की जगह अन्य हिस्सों से अधिक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से बढ़ी चिंता के अलावा शहर के पीपी कंपाउंड, मेन रोड पंजाब स्वीट हाउस के पीछे की गली, नेताजी नगर कांटाटोली, लोवाडीह, चुटिया, बरियातु, पिस्कामोड़ की बांस टोली, इमली चौक और हरमू तक वायरस ने पांव पसार लिया है. इससे पहले बेड़ो से भी दो कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके है. शहर के सभी कोनों तक कोरोना वायरस के पहुंच जाने से फिलहाल रांची में लॉकडाउन के दौरान कोई विशेष छूट मिलने की संभावना क्षीण हो गयी है, बल्कि कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद पूरे शहर में और अधिक सख्ती की भी मांग विभिन्न संगठनों की ओर से की जा रही है.
गौरतलब है कि अबतक रांची जिले में दो विदेशी नागरिक समेत कुल 55, बोकारो में 10, हजारीबाग में 3, पलामू में 3, सिमडेगा में 2, धनबाद में 2, देवघर में 2, कोडरमा में 1, गिरिडीह में 1और गढ़वा में 3 तथा जामताड़ा में 1 कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है. राज्य में 83 कोरोना के पॉजिटिव केस में 69 एक्टिव हैं, जिनका अलग-अलग जगहों पर इलाज चल रहा है. वहीं सुखद स्थिति यह है कि धनबाद के 2 कोरोना पॉजिटिव पूरी तरह से स्वस्थ्य हो चुके हैं और यह जिला अब कोरोना मुक्त क्षेत्र घोषित हो चुका है.

