दिसपुर: आए दिन जंगली हाथी के तांडव मचाने की खबर हमको पढ़ने को मिलती रहती हैं. कई बार तो ये हाथी झुंड में आकर गांव के कई घरों को तहस-नहस करके चले जाते हैं. घने जंगल वाले इलाकों में कई बार लोगों के हताहत होने से मारे जाने तक की खबरें भी सामने आती हैं. ऐसा ही एक मामला असम के पानीखेती से सामने आया है.
दरअसल, राजधानी के पानीखेती इलाके के लाहापारा में रविवार तड़के जंगली हाथी के हमले में घर में सो रही 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई. बताया गया है कि भोजन की तलाश में भटक रहे जंगली हाथी ने तेलन बर्मन के घर पर धावा बोलकर उनकी बेटी सीमा (12) की जान ले ली है.
इतना ही नहीं हाथी के उत्पात में बर्मन की सात साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है. हाथ ने बर्मन के घर को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया है. जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
उल्लेखनीय है कि पानीखेती वो इलाका है जहां आए दिन जंगली हाथी गांवों में धावा बोलते हैं, और जान-माल के साथ लोगों के घर भी इस उत्पात का शिकार हो जाते हैं.

