दिल्ली: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है. मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के साउथ अफ्रीका दौरा रद्द करने के बाद कीवी टीम फाइनल के लिए क्वाॅलीफाई कर गई.
कंगारुओं के साउथ अफ्रीका में खेलने से इनकार को लेकर काफी विवाद भी हो रहा मगर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कोरोना महामारी का हवाला देते हुए यह दौरा स्थगित किया है. इस फैसले के बाद ऑस्ट्रेलिया के फाइनल में पहुंचने की राह बहुत मुश्किल होगा.
हालांकि वह पूरी तरह से बाहर नहीं हुए हैं. न्यूजीलैंड के अलावा दूसरी फाइनलिस्ट टीम की रेस में भारत, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया हैं.
आइए जानें किसके पास कितना हैं चांस-
भारत को ऑस्ट्रेलिया से आगे बने रहने के लिए 70 अंक और चाहिए. अभी भारत को इंग्लैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैच खेलने हैं. इसका मतलब है कि उन्हें कम से कम 2-1 के अंतर से जीतने की जरूरत है – जिससे उन्हें प्रत्येक दो जीत में से 30 अंक मिलेंगे, और एक ड्रा के लिए 10 अंक मिलेंगे. इसके अलावा 3-0 या 3-1 या 4-0 से मैच जीता तो भारत खुद ही क्वाॅलीफाई कर जाएगा.
इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया से आगे बने रहने के लिए अगले चार मैचों में 87 अंक चाहिए. इसका मतलब है कि उन्हें कम से कम तीन मैच जीतने होंगे. ऐसा बहुत मुश्किल होने जा रहा है. रिकाॅर्ड पर नजर डालें तो भारत में आखिरी बार किसी टेस्ट सीरीज में तीन मैच जीतने वाली टीम वेस्टइंडीज थी और उन्होंने यह कारनामा 1983-84 में किया था.
ऑस्ट्रेलिया अभी इस रेस से बाहर नहीं है, लेकिन बॉक्सिंग डे टेस्ट में भारत के खिलाफ धीमी ओवर गति के कारण उन्होंने जो चार अंक गंवाए वह अब उन्हें काफी परेशान करेंगे. अगर ऐसा नहीं होता, तो ऑस्ट्रेलिया 70 अंकों के साथ न्यूजीलैंड के बराबर होता, तब रन-प्रति-विकेट अनुपात से फैसला होता जिसमें ऑस्ट्रेलिया आगे खड़ा है.
खैर अभी भी कंगारुओं के पास फाइनल में पहुंचने का मौका है. इसका फैसला भारत-इंग्लैंड सीरीज पर निर्भर करेगा. यह तभी हो सकता है जब श्रृंखला किसी तरह ड्रा (किसी भी अंतर से) हो, या यदि इंग्लैंड 1-0, 2-0 या 2-1 से जीतता है. या फिर भारत 1-0 से जीतता है.

