नई दिल्ली: क्रिकेट भारत का ही नहीं बल्कि पूरे एशिया का सबसे बड़ा खेल है. यहां जब क्रिकेट होता है तो सारे काम रुक जाते हैं. और बात जब भारत और पाकिस्तान के मैच की हो तो कहने ही क्या. क्रिकेट की दुनिया का यह सबसे बड़ा मुकाबला हो जाता है. क्रिकेट की सबसे बड़ी संस्था आईसीसी भी इसे मानती और जानती है. हालांकि पिछले लंबे समय से भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला नहीं हुआ है. आईसीसी के टूर्नामेंट में ही दोनों टीमें आमने सामने होती हैं. अगर सब कुछ ठीक रहा तो दोनों टीमें का फिर से मुकाबला हो सकता है. वह भी आईसीसी T-20 विश्व कप से ठीक पहले. हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यह लगभग तय माना जा रहा है कि विश्व कप से पहले दोनों टीमें फिर से आमने सामने होंगी, तो फिर तैयार हो जाइए इस सबसे बड़े रोमांच को देखने के लिए.
दरअसल अगले साल T-20 विश्व कप होना है, यह टूर्नांमेंट आस्ट्रेलिया में खेला जाना है. इससे पहले ही भारत और पाकिस्तान की टीमें आपस में भिड़ सकती हैं. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो आईसीसी इस पर काम कर रहा है. अंग्रेजी अखबार में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार विश्व कप से पहले होने वाले वॉर्मअप मैच में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हो सकता है.
आईसीसी T-20 विश्व कप का शेड्यूल को काफी पहले ही तय हो चुका है. इसके अनुसार भारत और पाकिस्तान को अलग अलग ग्रुप में रखा गया है. इस लिहाज से देखें को ग्रुप मैचों में यह टीमें आमने सामने नहीं होगी, अगर दोनों टीमें अपने अपने ग्रुप में आगे बढ़ी तो इसकी संभावना बनेगी कि दोनों टीमों के बीच मैच खेला जाए. ऐसे में आईसीसी की चाहत है कि वार्मअप मैच में दोनों टीमों का मुकाबला आयोजित कराया जाए, ताकि वार्मअप मैच से भी क्रिकेट का रोमांच शुरू हो जाए.

