नई दिल्ली: भारत ने इंडोनेशिया को 2-1 से हराते हुए पहली बार फेड कप के प्लेऑफ में जगह बना ली है. भारत को प्लेऑफ में पहुंचाने में अंकिता रैना की अहम भूमिका रही. अंकिता ने एकल मुकाबले में अल्दीला सुत्जियादी को हराते हुए भारत को यह सफलता दिलाई.
इससे पहले अंकिता ने सानिया मिर्जा के साथ खेलते हुए युगल मुकाबला जीता था. प्लेऑफ मुकाबले अप्रैल में आयोजित होंगे.
भारत ने ग्रुप स्टेज की शुरुआत चीन के खिलाफ हार से की थी लेकिन बाद में उसने लगातार चार मैच जीतकर प्लेऑफ का टिकट कटाया. भारतीय टीम ग्रुप में दूसरे स्थान पर रही. उसका सामना लातविया या फिर नीदरलैंड्स से हो सकता है.

