रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि भारत का प्राकृतिक सौंदर्य और अद्वितीय सांस्कृतिक विरासत हमारी पूंजी है. भाजपा का हर कार्यकर्ता इसे अक्षुण्ण बनाये रखने केलिये कृत संकल्पित है. दीपक प्रकाश शुक्रवार को अपने रांची स्थित आवास पर आंवले का वृक्ष लगाकर पार्टी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ कर रहे थे. श्री प्रकाश राज्यसभा सांसद के शपथ ग्रहण के बाद नई दिल्ली से लौटे हैं और होम कोरेन्टीन में हैं.
उन्होंने कहा कि ईश्वर ने अपने देश को अकूत प्राकृतिक संसाधन का खजाना दिया है. झारखंड को प्रकृति ने विशेष उपहार दिए हैं. खान,खनिज, घने वन, पर्वत,नदियां इन सब का समुचित प्रयोग और संरक्षण करके स्वावलंबी भारत का सपना साकार होने से कोई नही रोक सकता. माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इस दिशा में सार्थक प्रयास प्रारम्भ किये हैं. आज योग,आध्यात्म,परंपरा विश्व मे प्रतिष्ठापित हो रही है.
उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण में वृक्षों का बड़ा योगदान है.भाजपा ने बड़े पैमाने पर वृक्षरोपन करके पर्यावरण की सुरक्षा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की कोशिश की है. पार्टी ने पूरे प्रदेश में तीन दिनों में 5लाख से अधिक वृक्षों को लगाने की बड़ी पहल की है जिसमे फलदार और औषधीय पौधे शामिल हैं.
उन्होंने कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोरोना महामारी से बचते हुए वृक्षरोपन कार्यक्रम को सफल बनायें. उन्होंने प्रदेश के आम जन से भी अपने स्तर से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की.
पेड़ प्रकृति के प्रहरी हैं….धर्मपाल सिंह
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने अनगड़ा में वृक्षरोपन करते हुए कहा कि वृक्ष हैं तो जीवन है. वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना नही की जा सकती. ये प्राण वायु प्रदाता हैं.
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन में वृक्षों का बहुमूल्य योगदान है. वृक्ष हैं तो वर्षा है, वर्षा है तो धन है और धन है तो सुख है.
श्री सिंह ने कहा कि ये वृक्ष है तो प्रकृति है,और तभी जीवन है.
उन्होंने कहा कि सामुदायिक औषधीय और फलदार वृक्ष का अभाव होता जा रहा है जिसे कोई राहगीर,गरीब बिना मूल्य चुकाए उपयोग कर सके. भाजपा ने सार्वजनिक स्थानों में बड़ी संख्या में ऐसे वृक्ष लगाने का संकल्प लिया है.
श्री सिंह ने कहा कि अगले वर्ष इन 5 लाख से अधिक पौधों का जन्मदिन भी पार्टी के कार्यकर्ता मनाएंगे. इसलिये इस दृष्टि से उसे सुरक्षित और हरा भरा रखने की चिंता भी कार्यकर्ता करेंगे.
इस अभियान के तहत पूर्व मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने भी अपने रांची स्थित आवास में वृक्षरोपन किया.
इसके अलावा प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने चुटिया और अनगड़ा मंडल में श्री प्रदीप वर्मा ने टाटीसिलवे मंडल में वृक्षरोपन किया.
प्रदेश के सभी 513 मंडलों में यह वृक्षरोपन कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ जिसमें पार्टी के जन प्रतिनिधि सांसद, विधायकगण सहित प्रदेश ,ज़िला एवम मंडल के पदाधिकारी कार्यकर्ता शामिल हुए.
यह अभियान 26 जुलाई तक चलेगा.

