नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा क्षेत्र में बड़ा ऐलान किया है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षा मंत्रालय अब आत्मनिर्भर भारत पहल के लिए एक बड़ा पुश देने को तैयार है. रक्षा उत्पादन के स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने के लिए रक्षा मंत्रालय 101 से ज्यादा वस्तुओं पर आयात प्रतिबंध (एम्बार्गो) पेश करेगा.
उधर चीन के साथ पूर्व लद्दाख में तनाव है बरकरार है. शनिवार को भारत और चीन के बीच सैन्य स्तरीय वार्ता बेनतीजा रही. दोनों देशों के बीच तनाव खत्म करने को लेकर सहमति नहीं बन सकी. पांच चरणों में कमांडर स्तरीय वार्ता का कोई नतीजा नहीं निकलते देख अब मेजर जनरल स्तर की बातचीत शुरू की गई है. अभी तक जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक देपसांग और पैंगोग त्सो के पास वास्तविक नियंत्रण रेखा को लेकर बना मतभेद बरकरार है.
देपसांग रणनीतिक दृष्टिकोण से भारत के लिए बहुत ही अहम है. माना जाता है कि इस सेक्टर में घुसपैठ कर चीन भारत के दौलत बेग ओल्डी हवाई अड्डे पर सीधी नजर रखने की मंशा रखता है. 18 किलोमीटर क्षेत्रफल के इस हिस्से में वषर्ष 2013 में भी चीन की सेना ने घुसपैठ की थी. तब कई हफ्तों के विमर्श के बाद हालात को सामान्य किया गया था. चीन ने अभी भी डीबीओ सेक्टर में सीधे तौर पर घुसपैठ की हुई है. वहां से कुछ स्थलों से उसने अपनी सेना वापस भी की है.
बेहद सतर्क है भारतीय सेना
भारतीय सेना पहले से ही पूरी सतर्कता बरत रही है. समूचे वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत सभी रणनीतिक स्थलों पर अपने सैनिकों की संख्या लगातार बढ़ा रहा है. वायु सेना भी पूरी तरह से मुस्तैद है ताकि किसी भी स्थिति का सामना किया जा सके. माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच यह सैन्य तनाव काफी लंबा खींच सकता है.

