नई दिल्ली: हाल ही में टिक-टॉक समेत 59 चीनी मोबाइल एप पर प्रतिबंध लगाया है. भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया है. इस दौरान टिक-टॉक के विकल्प के रूप में कई भारतीय एप सामने आए हैं, जिनको लोगों ने बहुत पसंद किया है. आज हम आपको उन मोबाइल एप के बारे में बताएंगे, जिनका इस्तेमाल चीनी टिक-टॉक की जगह किया जा सकता है. आइए जानते हैं टिक-टॉक के पांच विकल्प के बारे में.
Moj App
भारतीय कंपनी शेयरचैट ने हाल ही में इस एप को लॉन्च किया है. यूजर्स को इस एप में टिक-टॉक की तरह शॉर्ट वीडियो बनाने, स्पेशल इफेक्ट, स्टिकर्स और इमोशन जैसे फीचर्स मिलेंगे. इसके अलावा यह एप अंग्रेजी भाषा को छोड़कर 15 भाषाओं को सपोर्ट करता है. वहीं, इस एप को गूगल प्ले-स्टोर पर 10 लाख से ज्यादा यूजर्स को डाउनलोड कर चुके हैं और इसको 4.2 अंक की रेटिंग मिली है.
Chingari App
चीनी टिक-टॉक पर प्रतिबंध लगने के बाद यूजर्स अब भारत के चिंगारी एप को इस्तेमाल कर सकते हैं. यूजर्स इस एप में शॉर्ट वीडियो बनाकर अपने दोस्तों के साथ शेयर कर सकते हैं. इस एप पर यूजर्स को ट्रेंडिंग न्यूज, मनोरंजन, फनी वीडियो, लव स्टेटस जैसे वीडियो मिलेंगे.
Mitron App
भारत में टिक-टॉक एप को टक्कर देने के लिए मित्रों एप को लॉन्च किया गया है. इस एप को अब तक 50 लाख यूजर्स डाउनलोड कर चुके हैं. आपको बता दें कि मित्रों एप को आईआईटी, रुड़की के एक छात्र शिवांक अग्रवाल ने तैयार किया है. पहली नजर में देखने पर मित्रों एप आपको टिकटॉक जैसा ही नजर आएगा. दूसरे शब्दों में कह सकते हैं कि मित्रों टिकटॉक एप का क्लोन है. मित्रों एप गूगल प्ले स्टोर पर टॉप फ्री चार्ट में टॉप-10 की लिस्ट में जगह बना ली है, हालांकि इस एप में आपको टिक-टॉक के सभी फीचर्स नहीं मिलेंगे. फिर भी इस एप को प्ले-स्टोर पर 4.7 की रेटिंग्स मिली है. इस एप में कई सारे बग्स भी हैं, लेकिन स्वदेशी होने के कारण यूजर्स इसे सपोर्ट कर रहे हैं.
Roposo App
Roposo लोकप्रिय एप्स में से एक है. इस एप को गूगल प्ले-स्टोर और एप-स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है. यूजर्स इस एप में टिक-टॉक की तरह वीडियो और ऑडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर कर सकते हैं. वहीं, इस एप को अब तक 50 लाख यूजर्स डाउनलोड कर चुके हैं और इसे 4.3 अंक की रेटिंग मिली है.
Bolo Indya App
बोलो इंडिया स्वदेशी एप है. यह एप चीनी टिक-टॉक एप को कड़ी टक्कर दे सकता है. इस एप को गूगल प्ले स्टोर पर 4.7 अंक की रेटिंग मिली है. यूजर्स इस एप में अंग्रेजी सीखना और खाना बनाने के टिप्स जैसे कंटेंट को अपलोड कर सकते हैं, जिससे अन्य यूजर्स को बहुत फायदा होगा.

