दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प में 20 भारतीय जवानों के शहीद होने को लेकर बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामने आएं क्योंकि देश की संप्रभुता खतरे में है. उन्होंने यह भी कहा कि अब चीन का सामना करने का वक्त आ गया है.
प्रियंका ने ट्वीट किया, ”हमारी धरती मां, हमारी संप्रभुता खतरे में है. हमारे जवान शहीद हो रहे हैं. क्या हम चुप बैठे रहेंगे?” उन्होंने कहा, ”भारत की जनता सच की हकदार है, उसे ऐसे नेतृत्व की दरकार है, जो हमारी जमीन छिनने से पहले अपनी जान देने के लिए तैयार हो. सामने आइए, नरेंद्र मोदी जी, चीन का सामना करने का वक्त आ गया है.”
वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय-चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प में 20 जवानों के शहीद होने की पृष्ठभूमि में बुधवार को सवाल किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले पर खामोश क्यों हैं.
उन्होंने ट्वीट किया, ”प्रधानमंत्री खामोश क्यों हैं? वह छिपे हुए क्यों हैं? अब बहुत हो चुका. हमें यह जानने की जरूरत है कि क्या हुआ है.” गौरतलब है कि लद्दाख की गलवान घाटी में सोमवार रात चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प में भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हो गए. सेना ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

