देवघर: उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नैन्सी सहाय द्वारा सूचना भवन सभागार में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत एक दिवसीय पीसी-पीएनडीटी एक्ट कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला की विधिवत शुरूआत संबंधित अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया.
कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को जानकारी दी गयी कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना से पूरे जीवन-काल में शिशु लिंग अनुपात में कमी को रोकने में मदद मिलती है और महिलाओं के सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों का समाधान होता है. यह योजना तीन मंत्रालयों द्वारा कार्यान्वित की जा रही है अर्थात महिला और बाल विकास मंत्रालय, स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्रालय तथा मानव संसाधन मंत्रालय.
इस योजना के मुख्य घटकों में शामिल हैं प्रथम चरण में पीसीपीएनडीटी एक्ट को लागू करना, राष्ट्रव्यापी जागरूकता और प्रचार अभियान चलाना तथा विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित कार्य करना. बुनियादी स्तर पर लोगों को प्रशिक्षण देकर, संवेदनशील और जागरूक बनाकर तथा सामुदायिक एकजुटता के माध्यम से उनकी सोच को बदलने पर जोर दिया जा रहा है.

