जिला के विभिन्न प्रखंडों में कार्यशाला का आयोजन
रांची:- जल जीवन मिशन के तहत रांची जिला के विभिन्न प्रखंडों में आज दिनांक 18 फरवरी 2020 को प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला के दौरान जल जीवन मिशन के तहत प्रयोग किए जाने वाले महत्वपूर्ण बिदुओं से अवगत कराया गया. इसमें मुख्य रूप से कार्यात्मक घरेलू कनेक्शन, विलेज एक्शन प्लान, ग्राम कार्य योजना, ग्रे वाटर मैनेजमेंट, व्यक्तिगत सोकपिट, सामुदायिक सोकपिट सहित अन्य विषयों की जानकारी दी गयी.
कांके प्रखण्ड में जल जीवन मिशन के तहत आयोजित प्रखण्ड स्तरीय कार्यशाला में निदेशक ए.ई.सी., प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, कनीय अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता, सभी पंचायतों के कार्यकारी प्रधान, पंचायत सचिव, जलसहिया उपस्थित हुए. ओरमांझी, बुण्डू, रातू चान्हो सहित विभिन्न प्रखंडों में कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस दौरान लोगों को जल संचयन एवं संरक्षरण की शपथ भी दिलायी गयी.
जल जीवन मिशन के तहत आयोजित कार्यशाला के दौरान सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता द्वारा जलसहियाओं को ग्राम कार्ययोजना बनाने की जानकारी दी गई. बताया गया कि ग्रामीणों की सहभागिता से विलेज रिसोर्स मैपिग एवं पीआरए एक्सरसाइज के माध्यम से ग्राम का नजरी नक्शा तैयार किया जाना है. ग्रामीणों से ग्राम में उपलब्ध जल स्त्रोतों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने, चार्ट पेपर के माध्यम से नजरी नक्शा को दर्शाये जाने, जल स्त्रोत में कुंआ, तालाब, हैंडपंप, डोभा, डाड़ी, चुंआ, नदी आदि के विषय में ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त करने, टोलावार सभी घरों में जलापूर्ति हेतु कार्य-योजना तैयार करने, कार्य-योजना को विशेष ग्राम सभा कर ली जाने वाली योजना पर सहमति प्राप्त करने, अंतिम व्यक्ति तक नल से जल दिए जाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई.
