रांची : रांची की विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मीना, शब्बीर अहमद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, रवीन्द्र प्रसाद सिंह, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने रांची जिला में संचालित मुख्यमंत्री दाल भात केन्द्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान पदाधिकारियों ने दाल-भात केन्द्रों में व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता की जांच की.
मोरहाबादी में संचालित सीएम मेगा किचन की जांच करने पहुंचे पदाधिकारी
सबसे पहले पदाधिकारियों द्वारा जिला प्रशासन के प्रयास से मोरहाबादी स्थित रुइन हॉउस में संचालित सीएम मेगा किचन की जांच की गयी. सीएम मेगा किचन के माध्यम से प्रतिदिन 6000-8000 जरुरतमंद लोगों के लिए भोजन तैयार कर वालेंटियर के सहयोग से रांची जिला के शहरी क्षेत्र के सभी गरीब बस्तियो में फूड वैन के माध्यम से पहुंचा कर वितरण किया जा रहा है. पदाधिकारियों ने वार्ड नंबर 34 में वितरण की जा रही भोजन की जांच की. स्थानीय लोगों ने बताया कि अप्रैल 2020 से प्रतिदिन 200 लोगों के भोजन का वितरण किया जा रहा है एवं भोजन की गुणवता भी अच्छी है.
आईटीआई बस स्टैंड में संचालित दाल भात केंद्र की संचालिका को लगायी फटकार
सीएम मेगा किचन के बाद पण्डरा बाजार समिति एवं आईटीआई बस स्टैंड में संचालित दाल भात केंद्र का भी निरीक्षण विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा किया गया. आईटीआई बस स्टैंड की संचालिका को साफ सफाई नहीं रखने के कारण फटकार लगाई गयी. संचालिका को बरसात के मौसम में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया. साथ ही लाभुकों की सुविधा के लिए शेड लगाने का भी निदेश दिया गया. निरीक्षण के दौरान पण्डरा थाना में संचालित दाल भात केंद्र बंद पाया गया. उपस्थित लोगो के द्वारा बताया गया की कुछ दिनों से लोगों की उपस्थिति कम होने एवं बरसात के कारण केंद्र का संचालन नहीं हो रहा है.
आपको बतायें कि अप्रैल माह से 31 मुख्यमंत्री दाल भात केन्द्रों के अतिरिक्त रांची जिला भर में 40 विशेष दाल भात केन्द्रों, 30 विशिष्ट दाल भात केंद्र एवं 33 थानों में अतिरिक्त दाल भात केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। खाद आपूर्ति विभाग द्वारा 27500 लाभुको को प्रतिदिन मुफ्त भोजन कराने की व्यवस्था की गयी है। सभी केन्द्रों के संचालकों को चावल, दाल, सोया एवं बड़ी मुफ्त दिया जा रहा है.

