रांची:- उपायुक्त छवि रंजन के निदेश पर कोविड टीकाकरण की समुचित जागरूकता हेतु प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं. बीते दिनों उपायुक्त ने एक टीकाकरण केंद्र जाकर टीका लगवाने पहुंचे बुजुर्गों को गुलाब फूल देकर उनके प्रति सम्मान ज्ञापित किया था, तदुपरांत अन्य टीकाकरण केंद्रों पर भी बुजुर्गों को रैंडम रूप से सम्मानित किया जा रहा है. शहर के गणमान्य और प्रबुद्ध लोगों द्वारा जागरूकता अपील भी की जा रही है. उपायुक्त श्री रंजन की अपील पर जिले में कार्यरत कई स्वैच्छिक सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा भी दूरस्थ इलाकों में जागरूकता फ़ैलाने में सहभागिता निभायी जा रही है .
इसी क्रम में जिला प्रशासन ने अपील की है कि कोविड टीकाकारण से सम्बंधित अपनी / अपने परिजनों की फोटो फेसबुक, ट्विटर आदि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म साथ पोस्ट कर लोग जागरूकता में सहभागी बन सकते हैं. लोग चाहें तो टीकाकरण के बाद के अनुभव को खुद के वीडियो सन्देश के माध्यम से भी दूसरों को प्रेरित कर सकते हैं.
सोशल मीडिया जन जागरूकता का एक बहुत ही सशक्त माध्यम है इसलिए इस महत्वपूर्ण मुहिम में इसका अधिक से अधिक सकारात्मक उपयोग करें. साथ ही ध्यान रहे कि टीकाकरण को लेकर किसी तरह की भ्रांति या अफवाह नहीं फैलायें.
जिला कोविड टीकाकरण जागरूकता अभियान के समन्वयक संजय कुमार ने बताया कि भारत सरकार के पोर्टल डलळवअ पर भी इस समय देश भर के नागरिकों से टीकाकरण वाली फोटो प्रवृष्टियां आमंत्रित की जा रही हैं, इसलिए रांची के नागरिक चाहें तो सोशल मीडिया के साथ-साथ उक्त पोर्टल पर भी टीकाकरण वाली फोटो भेज सकते हैं.

