रांची: धार्मिक स्थल खोलने की इजाजत मिलने के बाद श्रद्धालुओं के लिए श्री राणीसती मंदिर कमेटी ने निर्देश जारी किये हैं. कमेटी ने कहा कि सभी भक्तों को इस कोरोना महामारी के समय मंदिर में दर्शन हेतु सरकार के द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करना धर्म है. मंदिर में भी दर्शन मात्र की अनुमति मिली है. श्रद्धालुओं के लिए मंदिर सुबह 8 बजे से 11 बजे तक और शाम 5 बजे से 8 बजे तक खुला रहेगा.
कमेटी के ये हैं निर्देश
- अपने जूता चप्पल वाहन में रखकर या घर पर रख कर आए.
- मंदिर में प्रवेश के पूर्व मास्क लगाना अनिवार्य है. हाथों में दस्ताना का उपयोग भी कर सकते हैं.
- थर्मल स्क्रीनिंग करवाना अनिवार्य है.
- सरकार द्वारा पद्धति का पालन करते हुए अपने हाथ और पांव को धोकर एवं हाथो को सैनिटाइज करके पंजी में अपना नाम एवं मोबाइल नंबर अंकित करके ही मंदिर परिसर में प्रवेश करें.
- सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अधिकतम 21 व्यक्तियों की अनुमति मंदिर परिसर में एक समय में रहनी है. अपना टोकन लेकर ही प्रवेश करें एव वापसी में टोकन वापस करें.
- 10 वर्ष से छोटे आयु के बच्चों और 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग के अलावा किसी भी रोग से ग्रस्त एवं गर्भवती माता बहनों का मंदिर में प्रवेश वर्जित है.
- मंदिर में किसी भी विग्रह, दीवाल, रेलिंग या अन्य कोई वस्तु को स्पर्श करना भी वर्जित है.
- किसी भी प्रकार का चढ़ावा मंदिर के दानपात्र में ही डालें.
- आरती, धूप, घी, अगरबत्ती, रोली, मोली, चावल, पुष्प, प्रसाद, चूड़ा-चुनरी, फल, नारियल इत्यादि चढ़ाने की सुविधा स्थगित कर दी गई है.
- किसी भी अधिकारी,पुजारी व सेवक को फल, फूल, प्रसाद, चूड़ा-चुनरी, जल आदि सामग्री को स्वीकार करने के लिए आग्रह ना करें और ना ही प्राप्ति के लिए आग्रह करें. पुजारी को मोली बाधंने के लिए भी आग्रह ना करें.

