संवाददाता,
रांची : झारखंड में मानसून सक्रिय है. इसके कारण राजधानी रांची में लगातार तीन दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई है. बारिश के कारण राजधानी के न्यूनतम तापमान में दो सेल्सियस की गिरावट आयी है. वहीं अगले दो दिनों तक राज्य में कई स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार पिछले चौबीस घंटो से मानसून झारखंड में सक्रिय है. आसमान में हल्की-हल्की बारिश हुई है. सबसे ज्यादा बारिश कोल्हान के जिलों में दर्ज की गई है. जिसमें जमशेदपुर, चाईबासा, सरायकेला- खरसवां आदि शामिल हैं. वहीं 9 सितंबर तक रांची में 599.3 एमएम बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 918.2 एमएम है. वहीं पूरे राज्य में अबतक 892.7 एमएम बारिश होनी थी, जबकि 637.7 एमएम ही बारिश हो सकी है.

