कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय ने स्पीकर के न्यायाधिकरण के समक्ष दायर की याचिका
रांची: कांग्रेस की ओर से वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में झारखंड विकास मोर्चा प्रत्याशी के रूप में राजधनवार विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने के बाद भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले विधायक बाबूलाल मरांडी की सदस्यता को रद्द की मांग की गयी है. इसे लेकर कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह की ओर से विधानसभा अध्यक्ष के न्यायाधिकरण के समक्ष इंटरवेंन पिटीशन दायर की गयी है.
कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने बुधवार को रांची में पत्रकारों को बताया कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव के निर्देश पर उनकी ओर से यह याचिका दायर की गयी है. उन्होंने कहा है कि बाबूलाल मरांडी पर दलबदल मामले के तहत दसवीं अनुसूची के उल्लंघन का मामला बनता है. कांग्रेस विधायक ने कहा कि भाजपा यह चाहती है कि बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष का दर्जा दिलाना चाहती है, लेकिन उनकी सदस्यता का मामला अभी स्पीकर के न्यायाधिकरण में लंबित है, जिसकी वजह से नेता प्रतिपक्ष का मामला भी अब तक लंबित है. वहीं नेता प्रतिपक्ष का मसला लंबित होने की वजह से कई निर्णय भी प्रभावित हो रहे है.
दीपिका पांडेय सिंह ने यह भी कहा कि झाविमो का दो-तिहाई कांग्रेस में हुआ है, इसलिए विधायक बंधु तिर्की और प्रदीप यादव के कांग्रेस में मर्जर को मान्य किया जाना चाहिए.

