16 पदों के लिए 1000 से अधिक कैंडिडेट इंटरव्यू प्रक्रिया में हुए शामिल
Ranchi:- राजधानी रांची में हर दिन बढ़ रहे कोरोना खतरे के बीच नगरीय प्रशासन निदेशालय (नगर विकास विभाग) में विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए इंटरव्यू प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हुई. शनिवार को भी यह होना है. पहले दिन 16 पदों के लिए शुरू हुए इंटरव्यू में लगभग 1000 कैंडिडेट शामिल हुए. इसमें से कई अभ्यर्थी ऐसे दिखे जो बिना मास्क के भी थे. ऊपर से दिलचस्प यह कि नगर विकास विभाग के जिस भवन (जुपमी बिल्डिंग, प्रथम तल्ला, धुर्वा) में इंटरव्यू हुआ, उसके ऊपरी तल्ले पर स्थित स्मार्ट सिटी के कार्यालय में 6 स्टाफ की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव शुक्रवार को ही आयी. साथ ही विभाग की सहायक निदेशक मेघना रूबी कच्छप और एचआर अजीत कुमार की भी कोरोना संक्रमित होने की खबर सामने आयी. कोरोना की विकट होती स्थिति और हजारों अभ्यर्थियों के इंटरव्यू में शामिल होने पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
किन पदों के लिए हो रहा इंटरव्यू
नगर विकास विभाग द्वारा स्टेट मिशन मैनेजर (पद-1), सिटी मिशन मैनेजर (04, मैनेजर स्किल एंड लाइवलीहुड, फाइनेंशियल इन्क्लूजन) और कम्यूनिटी आर्गेनाइजर के लिए 11 पदों पर इंटरव्यू लिया जा रहा है. कम्यूनिटी आर्गेनाइजर के पदों के लिए शनिवार को इंटरव्यू लिया जाना है जबकि बाकी के लिए शुक्रवार को ही यह प्रक्रिया शुरू की गयी. चूंकि सभी पदों पर इंटरव्यू (Walk in interview) के ही आधार पर इंटरव्यू होना है सो हजारों कैंडिडेट इसमें शरीक होने को आ रहे हैं.
रामनवमी, सरहूल का नहीं निकला जुलूस
गौरतलब है कि बढते कोरोना खतरे को देखते हुए राज्यभर में रामनवमी, सरहूल जैसे महापर्व पर इस साल भी जुलूस नहीं निकाला जा सका है. यूनिवर्सिटी, कालेज, स्कूलों को बंद किया जा चुका है. सरकार की कोशिश है कि एक जगह भीड़ इकट्ठा होने से रोका जाये. चूंकि सचिवालय में भी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित सामने आ रहे हैं सो इसे देखते हुए मुख्य सचिव के स्तर से आदेश भी जारी हो चुका है कि 50 फीसदी कर्मियों की ही उपस्थिति एक दिन में होगी. इन सबके बीच नगर विकास विभाग में हजारों अभ्यर्थियों के साथ इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू कराये जाने पर गंभीर सवाल खड़ा हो गया है.

