रांची: दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए. किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 8 विकेट के नुकसान पर 157 रनों का स्कोर खड़ा किया.
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मार्कस स्टोइनिस ने आतिशी पारी खेलते हुए सबसे अधिक 21 गेंदों में 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 53 रन बनाए. किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से शानदार गेंदबाजी का नमूना पेश करते हुए मोहम्मद शमी ने 4 ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट झटके.
किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान केएल राहुल ने ने टॉस जीतकर दिल्ली कैपिटल्स को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. दिल्ली कैपिटल्स की ओर से पारी की शुरुआत करने आए दोनों ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन और पृथ्वी शॉ जल्द ही पवेलियन लौट गए.
उसके बाद बैटिंग के लिए आए वेस्टइंडीज के युवा बल्लेबाज सिमरोन हेठमेयर भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं रह सके और 13 गेंदों में 7 रन बनाकर मोहम्मद शमी की गेंद पर मयंक अग्रवाल को कैच थमा कर आउट हो गए. उसके बाद श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत ने पारी की कमान को संभालते हुए टीम का स्कोर 80 के पार ले गए.
चार चौकों की मदद से 29 गेंदों में 31 रन पर खेल रहे ऋषभ पंत रवि बिश्नोई की गेंद पर बोल्ड हो गए. उसके तुरंत बाद टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर भी मोहम्मद शमी की गेंद पर क्रिस जॉर्डन को कैच थमा बैठे. उसके बाद अकेले मार्कस स्टोइनिस ने 21 गेंदों में 3 छक्के और 7 चौकों की मदद से महत्वपूर्ण 53 रनों की पारी खेली. स्टोइनिस ने 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अपनी पारी की बदौलत टीम को एक सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया.
इस मैच को जीतने के लिए किंग्स इलेवन पंजाब को दिल्ली द्वारा बनाए गए 157 रनों का पीछा करना है.

