रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष और जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार निर्वाचित विधायक इरफान अंसारी ने पार्टी के कुछ नेताओं पर केंद्रीय नेतृत्व को गुमराह करने का आरोप लगाया है. इरफान अंसारी ने झाविमो विधायक प्रदीप यादव को पार्टी में शामिल किये जाने का विरोध किया है और इस मुद्दे को लेकर गुरुवार को वे नई दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात कर अपनी बात रखेंगे.
नई दिल्ली पहुंचे इरफान अंसारी ने कहा कि वे पार्टी को कमजोर करने वालों के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहे है. उन्होंने बताया कि प्रारंभ में ही उन्होंने यह बात की थी कि यदि प्रदीप यादव को कांग्रेस में शामिल किया जाता है, तो वे कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष से त्यागपत्र दे देंगे.
Also Read This: निर्भया केस : फांसी से बचने के लिए विनय ने तिहाड़ जेल में दीवार से फोड़ा सिर
उन्होंने यह भी कहा कि मंच पर किसी को बैठा देने से या कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिला देने भर से कोई कांग्रेस में शामिल नहीं हो जाता है. उन्होंने कहा कि पार्टी की सदस्यता लेने पर रसीद काट कर दिया जाता है और कांग्रेस का पट्टा पहनाया जाता है.
इरफान अंसारी ने कहा कि वे आज पार्टी के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह से मुलाकात करेंगे और सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी से भी समय लेकर मुलाकात की कोशिश करेंगे.

