दिल्ली: कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने देश में हाल ही में हुए घटनाक्रमों पर ज़ोर डालते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने बुधवार सुबह ट्वीट कर कहा, “क्या देश में ‘कानून का शासन’ है या फिर उसका कानून जो शासन करता है?”
सिब्बल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, “मेरे देश में, ‘कानून का शासन’ है या फिर उसका कानून जो शासन करता है?’. कस्टडियल डेथ्स, फेक एनकाउंटर, दूसरी सरकार को गिराकर बनायी हुई सरकार, शक्तिशाली द्वारा अभद्र भाषा, निर्दोषों पर अत्याचार, अत्यधिक संदिग्ध न्यायिक फैसले.
मेरा देश बचाओ! ” ट्वीट के साथ ही सिब्बल ने हाल के दिनों में सरकार पर कांग्रेस के तीखे हमले को जारी रखा. इस हमले की शुरुआत राहुल गांधी ने की है, जो चीन के साथ सीमा विवाद और दूसरे मुद्दों को इस्तेमाल कर लगातार केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं.
मंगलवार को राहुल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, राजस्थान में सरकार गिराने की कोशिश और ‘नमस्ते ट्रंप इवेंट’, COVID-19 संकट के बीच सरकार की उपलब्धियां हैं. उन्होंने कहा कि सरकार की ऐसी उपलब्धियों के कारण, देश अब महामारी के खिलाफ लड़ाई में आत्मनिर्भर है.

