इंदौर: विजय हजारे ट्रॉफी का आगाज शनिवार से हो गया। पहले ही दिन एक बल्लेबाज ने ऐसी पारी खेली कि क्रिकेटप्रेमी अचरज में हैं। झारखंड और मध्यप्रदेश के बीच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में मध्यप्रदेश और झारखंड के बीच हुए मैच में झारखंड के एक बल्लेबाज ने मैदान पर तूफान मचा दिया।
झारखंड के ओपनर, विकेटकीपर और कैप्टन ईशान किशन ने 94 गेंदों पर ताबड़तोड़ 173 रन ठोंक डाले। ईशान ने एक के बाद एक चौके छक्के जड़कर क्रिकेटप्रेमियों में रोमांच भर दिया। 50 ओवर के मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड की टीम ईशान के ताबड़तोड़ 173, विराट सिंह के 68, सुमित कुमार के 52 और अनुकूल रॉय के 72 रनों की बदौलत 422 रन बना डाले।
मध्यप्रदेश की ओर से बॉलर गौरव यादव ने 9 विकेट में चार विकेट चटकाए। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्यप्रदेश की टीम को ऐसा झटका लगा, जिसे वह शायद ही भुला पाए। महज 18 4 ओवर में 98 रन बनाकर पूरी टीम बिखर गई।
मध्यप्रदेश की ओर से ओपनर अभिषेक भंडारी ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी खिलाड़ी 25 से ज्यादा रन नहीं बना पाया। झारखंड के वरुण आरोन ने 6 विकेट चटका डाले। मध्यप्रदेश की टीम की मध्यप्रदेश में ही यह करारी हार क्रिकेटप्रेमियों में चर्चा का विषय बन रही है।

