मैड्रिड: ब्राजील के महान फुटबॉल खिलाड़ी रोनाल्डो ने वैश्विक महामारी कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ के बढ़ते प्रकोप के बीच अपने देश में फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करने की आलोचना की है.
ब्राजील में तीन महीने से बंद पड़ी फुटबॉल प्रतियोगिताओं को गुरुवार को माराकाना स्टेडियम में रियो डी जेनेरो की कैरीओका चैम्पियनशिप में फ्लेमेंगो और बेंगू के बीच मैच से शुरू कर दिया गया.
रोनाल्डो ने कहा, ‘मैं देश के मौजूदा हालात को देखते हुए करियोका फुटबॉल और ब्राजील फुटबॉल की वापसी के खिलाफ हूं. ब्राजील बिना महामारी को ध्यान में रखे यूरोप के बाकी देशों का अनुसरण कर रहा.’
ब्राजील में 983,000 से अधिक कोरोना मामलों की पुष्टि की गयी है जबकि इस महामारी से 47,000 से अधिक लोगों की मौतें हुई हैं. स्पेनिश क्लब रियाल वलाडोलिड के मालिक रोनाल्डो ने कहा कि यूरोपीय देशों में कोरोना के नये संक्रमणों और मौतों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट देखने के बाद पिछले हफ्ते ही फुटबॉल प्रतियोगिताओं को फिर से शुरू किया गया.
43 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, ‘इसलिए मुझे लगता है कि ब्राजील में अभी भी संकटमय स्थिति है और फुटबॉल मैच शुरू करना एक भारी भूल है.’

