दिल्ली: रूस में आयोजित विजय दिवस परेड में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिवसीय दौरे पर मॉस्को पहुंचे हैं. बता दें कि, मॉस्को में विजय दिवस परेड का आयोजन हो रहा है. इस परेड में भारत की तीनों सेनाओं की एक टुकड़ी भी भाग ले रही है. इसके अलावा इस परेड में चीन की सेना भी भाग ले रही है.
रक्षा मंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘1941-1945 के देशभक्तिपूर्ण युद्ध में सोवियत लोगों की विजय की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए मॉस्को में रेड स्क्वायर पर विजय दिवस परेड में भाग ले रहा हूं. मुझे गर्व है कि भारतीय सशस्त्र बलों की त्रि-सेवा टुकड़ी भी इस परेड में भाग ले रही है.’
बता दें कि, दिल्ली से मॉस्को के लिए रवाना होने से पहले राजनाथ सिंह ने ट्विटर पर लिखा था कि तीन दिनों के दौरे पर मॉस्को जा रहा हूं. रूस की यात्रा से मुझे भारत-रूस रक्षा और रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के तरीकों पर बातचीत करने का अवसर मिलेगा. मैं मॉस्को में 75वें विजय दिवस परेड में भी शामिल होउंगा.

