रांचीझारखंड अभिभावक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने डीपीएस चास, बोकारो मामले में शिक्षा मंत्री से सवाल किया है की शिक्षा मंत्री 25 जून 2020 को राज्य के प्राइवेट स्कूलों पर आदेश जारी करते हैं कि ट्यूशन फीस के अलावा कहीं कोई दूसरी फीस किसी स्कूल में नहीं ली जाएगी.
मंत्री खुद आदेश देने के बाद पिछले 6 महीने की बकाया राशि अपने संबंधी बच्चे के स्कूल (डीपीएस चास, बोकारो) में जमा नहीं करते और जब स्कूल इस संबंध में ट्यूशन फीस जमा करने की बात कहता है तो मंत्री मीडिया के माध्यम से स्कूल की फीस जमा करने के लिए खुद लाइन में लगकर प्रोपेगेंडा खड़ा करने में कोई कसर नहीं छोड़ते. ऐसे में जो संदेश वह अभिभावकों के बीच, एक हितैषी का देना चाहते है, वह कहीं से सही नहीं है.
अजय राय ने कहा कि जब मंत्री के दामाद सीसीएल के एंप्लॉई हैं तो वह क्यों नहीं स्कूल का ट्यूशन फीस जमा करते, क्या वह सक्षम नहीं थे ? या वह स्कूल का ट्यूशन फीस देना नहीं चाहते. जानबूझकर अभिभावक और स्कूल प्रशासन के बीच विवाद उत्पन्न करते है ताकि लोग ऐसे मामले में उलझे रहे और कोरोना संक्रमण के दौर में जो शिक्षा मंत्रालय को करना है वो न करें. अब एक मंत्री के इस तरह के रवैए से दूसरे अभिभावक क्या सोचेंगे ?
अजय राय ने कहा कि झारखंड अभिभावक संघ बोकारो जिला कमेटी लगातार कोविड-19 प्रभावित परिवार जिनका रोजगार व धंधा खत्म हो गया है उसको लेकर आंदोलन कर रहे है और अभिभावकों के लगातार शिकायतें जिला प्रशासन के पास दर्ज करा रहे है, बावजूद उस पर एक्शन लेने के वह मीडिया में बने रहने को लेकर नित नए हथकंडे अपनाने का काम कर रहे है. उन्हें जरा भी फिक्र नहीं जो लोग बेरोजगार हो गए हैं उनके सुख दुख की चिंता करे इसके बजाय उन्हें अपने सगे संबंधियों की चिंता ज्यादा है जो सेंट्रल गवर्नमेंट के एंप्लोई हैं और जो हर तरीके से सक्षम है.
अजय राय ने बताया कि मैंने स्कूल प्रशासन से इस संबंध में बात की तो उनका कहना साफ है हम इस वैश्विक महामारी के दौर में किसी बच्चें का नाम नहीं काटे है. मंत्री जी की रिश्तेदार बच्ची का भी नाम नहीं काटा गया है. ऑनलाइन शिक्षा सभी बच्चों को दी जाएगी. झारखंड सरकार की सभी गाइडलाइंस को ध्यान में रखकर हम बच्चों को पढ़ा रहे है.
अजय राय ने बताया कि स्कूल की ओर से एक लेटर भी अभिभावक संघ को उपलब्ध कराई गई है जिसमें मंत्री जगन्नाथ महतो जी की नतनी के संबंध में दी गई है जिसे इस विज्ञप्ति के साथ संलग्न कर रहा हूं.

