रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि केली बंगले में लंबे समय से हो रहा जेल मैनुअल का उल्लंघन बिल्कुल भी नहीं रुक रहा. उन्होंने कहा कि आज बिहार राजद के नेता सईद अली ने लालू प्रसाद से मुलाकात की और मुलाकात की तस्वीरों को फेसबुक पर साझा करते हुए लिखा की लालू प्रसाद को बिहार चुनाव की स्थिति पर अवगत कराया.
प्रतुल ने कहा कि जेल मैन्युअल के अनुसार, आप किसी सजायाफ्ता मुजरिम के साथ तस्वीर नहीं खींचा सकते. यहां बड़ा प्रश्न यह है कि अगर यह तस्वीर मोबाइल से ली गई है तो मोबाइल को केली बंगले के अंदर ले जाने की इजाजत किसने दी?
दूसरा जेल मैनुअल स्पष्ट करता है की सजायाफ्ता मुजरिम के साथ कोई राजनीतिक बातचीत नहीं होगी और असिस्टेंट जेलर लेवल का अधिकारी मुलाकात के दौरान मौजूद रहेगा. प्रतुल ने कहा कि राजद नेता के द्वारा सोशल मीडिया में डाली गई तस्वीर में तो असिस्टेंट जेलर नही दिख रहे हैं.
मुलाकाती ने मास्क लगा कर भी नहीं रखा है जबकि लालू प्रसाद को संक्रमण से बचाने के नाम पर केली बंगले में रखा गया है. लेकिन वास्तविकता में यह राजद के चुनावी अभियान का संचालन केली बंगला से हो रहा है.
बिहार के नेता लालू प्रसाद को बिहार चुनाव की लगातार जानकारी दे रहे हैं.केली बंगला राजद का प्रधान चुनावी कार्यालय बनकर कार्य कर रहा है. लालू प्रसाद अपने मिली सुविधाओं का जमकर दुरुपयोग कर रहे हैं. राज्य सरकार को इस पर अविलंब कार्रवाई करनी चाहिए.

