रांची: झारखंड के केंद्रीय कारा होटवार सहित कई अन्य जेलों में कोरोना संक्रमित कैदियों की पुष्टि होने के बाद जेलों में बंद कैदियों के परिजनों कि चिंताएं बढ़ गई है . झारखंड में वर्तमान 29 जेल हैं, जिनमें 7 सेंट्रल जेल, 16 मंडल कारा, 5 उपकारा और एक ओपन जेल शामिल हैं. इनमें 18227 कैदी बंद हैं . कई ऐसी जेलें हैं, जिनमें कैदियों की तादाद क्षमता से बहुत अधिक है. ऐसी परिस्थिति में जेलों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अत्यंत कठिन होने के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पा रहा है जिसके कारण होटवार सहित कई अन्य जेलों में बंद कैदियों में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है.
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता कुमार राजा ने कहा कि राज्य में भी लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है. प्रति दिन संक्रमण की संख्या 800 के ऊपर पहुंच चुकी है. अब जेल मे बंद कैदी भी संक्रमण के शिकार हो रहे हैं तथा होटवार, रांची स्थित केंद्रीय कारा में 18 कोरोना के केस पाए गए हैं.
इसी जेल में पूर्व कृषि मंत्री योगेन्द्र साव भी बन्द हैं जिनका उम्र पच्चास साल के उपर है साथ ही सुगर सहीत कई अन्य बीमारियों से ग्रसित हैं, ऐसी परिस्थिति में जेल में संक्रमण बढ़ने से उनकी जान को अत्यधिक खतरा है.
इनमें से कई कैदी ऐसे हैं जिनके द्वारा उम्रकैद से कम सजा वाले अपराध भी किए हैं. ऐसे कैदियों की कोरोना से मृत्यु झारखण्ड राज्य के लिए दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक होगी. इसलिए जेलों से 50 वर्ष से अधिक उम्र के कैदियों को तत्काल विशेष परिहार देकर मुक्त करना अति आवश्यक है.

