मुंगेर: कोरोना संक्रमण से अपने कर्मियों की सुरक्षा को देखते हुए जमालपुर रेल कारखाना प्रबंधक ने मानव थर्मल स्कैनिंग मशीन कारखाना के मुख्य द्वार एवं गेट नंबर 6 पर लगाया है. ताकि कारखानों में कार्यरत रेल कर्मियों की प्रतिदिन थर्मल स्क्रीनिंग की जा सके जिससे कारखाना मे कार्यरत कर्मी बिना किसी भय के अपने अपने कार्य करते रहे.
जमालपुर कारखाना के मुख्य द्वार एवं 6 नंबर गेट पर लगाए गए थर्मल स्क्रीनिंग मशीन के समीप रेल कर्मियों को खड़ा होकर अपना शारीरिक तापमान जांच करने के बाद ही रेलकर्मी कारखाना के अंदर या बाहर आ जा सकेंगे. अगर रेलकर्मी का शारीरिक तापमान 99 से ज्यादा होगा तो थर्मल स्कैनिंग का बटन स्वत: लाल हो जाएगा और स्कैनिंग के पास लगा सायरन बजने लगेगा.
ऐसी परिस्थिति में गेट पर कार्यरत आरपीएफ के जवान वैसे रेल कर्मियों को संदिग्ध मानकर उन्हें घर वापस भेज देगी. वहीं इस विशेष मशीन की खासियत यह भी है कि यह मशीन एक साथ चार लोगों की जांच प्रक्रिया को पूरी कर सकता है.

