रांची: JSCA स्टेडियम में खेले जा रहे कार्बन T20 लीग के 9वें दिन अजब-गजब संयोग देखने को मिला. दोनों ही मुकाबले में विजयी टीम के एक-एक पुछल्ले बल्लेबाज ने पारी के आखिरी तीन गेंदों में शानदार प्रदर्शन कर मैच का रुख हार से जीत की ओर पलट दिया.
रांची रेडर्स के खिलाफ पहले मुकाबले में जमशेदपुर जगलर्स की ओर से 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने जब रिशु सिंह चौहान क्रीज़ पर आए तो टीम को जीत के लिए 3 गेंद में 8 रन की ज़रूरत थी. उन्होंने एक छक्का व एक दुग्गी के साथ टीम को दो विकेट से रोमांचक जीत दिलाई.
दूसरे मैच में विजयी टीम धनबाद डायनामोज के 10वें नंबर के बल्लेबाज विकास कुमार बोकारो ब्लास्टर्स के खिलाफ जब क्रीज पर आए तो टीम का स्कोर 19.2 ओवर में 8 विकेट पर 116 रन था. विकास ने आखिरी तीन गेंदों पर तीन विशालकाय छक्के जड़ टीम को 136 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया और यही प्रदर्शन जीत-हार का कारण बना.
पहले मुकाबले में रांची ने पहले खेलते हुए 7 विकेट पर मात्र 111 रन बनाए. सत्येंद्र ने सर्वाधिक 33 रन का योगदान किया. जमशेदपुर की टीम को मैच की आखिरी गेंद पर 2 विकेट से जीत नसीब हुई. श्रेष्ठ सागर ने 26 व अतुल ने 28 रन बनाए. 4 विकेट लेनेवाले रांची के विवेकानंद तिवारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया.
दूसरे मुकाबले में धनबाद ने पहले खेलते हुए 8 विकेट पर 136 रन बनाए. नाज़िम ने 44, विशाल सिंह ने 22 व विशाल कुमार ने 4 गेंद पर 20 रन बनाए. पंकज यादव व प्रतीक को 2-2 विकेट मिले. जवाब में बोकारो की टीम 8 विकेट खोकर 129 रन बना सकी और मैच 7 रन से गंवा बैठी.
धनबाद टॉप व जमशेदपुर बॉटम पर
T20 लीग के 18 मैच की समाप्ति के बाद धनबाद 6 मैच में 16 अंकों के साथ टॉप पर है जबकि बोकारो 16 अंक के साथ दूसरे, सिंहभूम 12 अंक के साथ तीसरे, दुमका 12 अंक के साथ चौथे, रांची 8 अंक के साथ पांचवें व जमशेदपुर 8 अंक के साथ अंक तालिका के बॉटम पर बना हुआ है.
गुरुवार के मुकाबले
9.30 बजे : रांची रेडर्स vs सिंहभूम स्ट्राइकर्स
1.30 बजे : जमशेदपुर जगलर्स vs दुमका डेयरडेविल्स

