रांची: झारखंड विकास मोर्चा विधायक प्रदीप यादव को गुरुवार को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण संगठन से निष्कासित किये जाने की संभावना है.
झाविमो के केंद्रीय प्रधान महासचिव अभय सिंह ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात और पार्टी के निर्णय की अनदेखी कर सीएए के खिलाफ रैली एवं जनसभा में शामिल होने के साक्ष्य मिलने के बाद प्रदीप यादव को मंगलवार को दोपहर 2 बजे नोटिस जारी किया गया था, लेकिन आज सुबह तक उनकी ओर से स्पष्टीकरण पर अपना पक्ष नहीं रखा जा सका है.
उन्होंने बताया कि प्रदीप यादव को भेजे गये नोटिस को उनके आवासीय कार्यालय में रिसीव भी करा दिया गया है और वाट्सअप के अलावा रजिस्ट्री भी भेज दी गयी है.
अभय सिंह ने उम्मीद जतायी कि पार्टी संविधान के तहत उनका जवाब दोपहर दो बजे तक प्राप्त हो जाएगा और उसके बाद ही झाविमो की ओर से शाम चार बजे प्रेस कांफ्रेंस कर पार्टी की ओर से अपनी बात रखी जाएगी.
इधर, विधानसभा चुनाव के बाद झारखंड विकास मोर्चा प्रमुख बाबूलाल मरांडी के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की चर्चा के साथ ही पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव का झाविमो से संबंध टूटने की भूमिका लगभग तैयार हो गयी है.
प्रदीप यादव ने झाविमो की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस पर सीधा जवाब देने की बजाय बाबूलाल मरांडी से ही प्रश्न पूछ दिया कि वे भाजपा का विरोध क्यों नहीं कर रहे है. प्रदीप यादव के समर्थकों ने गोड्डा में बाबूलाल मरांडी का पुतला भी फूंका.

