धनबाद: जनता दल यू के प्रदेश महासचिव सह राष्ट्रीय परिषद सदस्य सुशील सिंह ने कहा पश्चिम सिंहभूम जिले में घटित बुरुगुलीकेरा नरसंहार के विरोध में आगामी 17 मार्च को रांची राज भवन के समक्ष धरना प्रदर्शन किया जाएगा. विगत दिनों रांची में हुए जदयू की प्रदेश कार्य समिति की बैठक में यह निर्णय लिया जा चुका है.
रविवार को सर्किट हाउस में हुई उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के सभी सात जिलों के जिला अध्यक्ष एवं विधान सभा चुनाव में लड़े हुए प्रत्याशियों के साथ बैठक में पत्रकारों से बातचीत में सुशील सिंह ने कहा कि इस प्रदर्शन में धनबाद से करीब 4 हजार कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम का नेतृत्व जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू करेंगे. बिहार से भी कई मंत्रीगण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे.

