रांची: राँची की महापौर आशा लाकड़ा ने कहा कि – जेईई-नीट के परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के भविष्य को देखते हुए राज्य सरकार इस दिशा में सकारात्मक पहल करे. जिस प्रकार 06 सितंबर को आयोजित एनडीए की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है, यह सराहनीय है. इसी प्रकार, कोरोना काल मे छात्रों के भविष्य को देखते हुए जेईई-नीट की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के हित मे भी सकारात्मक पहल करने की जरूरत है. राज्य सरकार की इच्छा शक्ति से यह संभव हो सकता है.
उन्होंने कहा कि जेईई-नीट की परीक्षा देने वाले छात्र पूरी तैयारी कर चुके हैं. उनके अभिभावक भी उम्मीद लगाए बैठे हैं. यदि इस वर्ष संबंधित छात्र परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह जाएंगे तो इससे उनका आने वाला कल प्रभावित होगा. यदि परीक्षार्थियों को परिवहन, ठहरने व भोजन की सुविधा उपलब्ध करा दी जाए तो छात्र हित मे राज्य सरकार का सकारात्मक प्रयास होगा.

