गुजरात(महेसाणा): गुजरात में बुधवार सुबह खेरालु के सिद्धपुर की तरफ तेज गति से जा रही एक जीप हादसे का शिकार हो गई. वह जीप एक पेड़ से जोरदार तरीके से टकराई. उसमें करीब 20 मजदूर सवार थे. जिनमें से 6 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक 7 साल की बच्ची भी शामिल थी. 12 से ज्यादा लोग जख्मी हुए. सूचना मिलने पर पुलिस एवं एंबुलेंस घटनस्थल पहुंची. वहां से मृतकों की लाशें एवं घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया.
संवाददाता के अनुसार, हादसा इसलिए हुआ क्योंकि ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई थी. उस वक्त जीप की रफ्तार भी अधिक थी, पेड़ से टकराते ही उसमें सवार लोग बुरी तरह जख्मी हुए.
वे सभी मलेकपुर से सिद्धपुर जा रहे थे. जीप अदितपुर के पास पहुंची थी कि, विशाल पेड़ से टकरा गई. जीप में मौजूद लोगों ने बताया कि, लोगों ने ड्राइवर को खूब टोका था कि तेज रफ्तार में मत चलाओ. मगर, समझाने के बावजूद वह काफी तेज गति से जीप चला रहा था. इस दौरान सुबह-सुबह नींद आने के कारण उसने जीप के स्टेयरिंग से अपना काबू गंवा दिया और हादसा हो गया.

