रांचीः झारखंड में विधानसभा चुनाव के ऐन मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों के 12 विधायकों ने अपनी पार्टी छोड़ दी. वहीं टिकट नहीं मिलने से नाराज कई अन्य विधायकों ने बगावत का संकेत दिया है.
विधानसभा चुनाव की तिथि की घोषणा होने से पहले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और विधायक सुखदेव भगत और मनोज कुमार, झारखंड मुक्ति मोर्चा के जयप्रकाश भाई पटेल और कुणाल षाड़ंगी, झारखंड विकास मोर्चा के प्रकाश राम, नौजवान संघर्ष मोर्चा के भानू प्रताप शाही ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की.
वहीं टिकट वितरण की घोषणा के बाद भाजपा के तीन विधायकों राधाकृष्ण किशोर, ताला मरांडी, फूलचंद मंडल ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया.
वहीं मंत्री सरयू राय ने जमशेदपुर पश्चिमी के साथ ही जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से भी निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी. इसके अलावा भी टिकट कटने के बाद भाजपा के कई अन्य विधायक बगावत का रास्ता अख्तियार कर सकते है.
इधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा जब उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गयी कि चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शशिभूषण सामड़ ने टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर झारखंड विकास मोर्चा में शामिल हो गये और झाविमो ने उम्मीदवार बनाये जाने की भी घोषणा कर दी.
वहीं दूसरे झामुमो विधायक पौलुस सुरीन भी टिकट कटने से नाराज होकर झारखंड पार्टी होरो गुट का दामन थाम लिया है और वे भी तोरपा से विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे.

