रांचीः झारखंड में दुमका और बेरमो विधानसभा उपचुनाव के लिए मतगणना जारी है. इसी बीच दुमका सीट से मतगणना के 12वें राउंड में दुमका से BJP की लुईस मरांडी 450 वोटों से आगे पीछे हो गई हैं. भाजपा प्रत्याशी डॉ लुईस मरांडी को 51024 वोट मिले हैं और झामुमो के बसंत सोरेन को 51474 वोट मिले हैं.
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय सूत्रों ने यहां बताया कि बेरमो और दुमका विधानसभा उप चुनाव के लिए सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हो गई. परिणाम शाम तक प्राप्त हो जाएंगे. दुमका में मतगणना दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज कैंपस में जबकि बेरमो में मतगणना चास स्थित वेयर हाउस ऑफ बाजार समिति परिसर में हो रही है.
कोविड-19 महामारी के बीच उप चुनाव के लिए 3 नवंबर को मतदान हुआ था. कोरोना संक्रमण काल में संक्रमण से बचाव के साथ मतगणना कराना यहां के अधिकारियों के लिए भी एक नया अनुभव है. कांग्रेस विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह की मृत्यु के बाद बेरमो सीट पर उप चुनाव कराया गया है. बेरमो सीट पर कुल 16 उम्मीदवार मैदान में है.
वहीं, पिछले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दुमका और बरहेट विधानसभा क्षेत्र क्षेत्र से चुनाव जीतने के बाद दुमका सीट से इस्तीफा दे देने के कारण इस सीट पर उप चुनाव कराया गया. दुमका सुरक्षित विधानसभा उप चुनाव में कुल 12 उम्मीदवार मैदान में है.

