दुमका की जनता ने 40 साल बाद परिवारवाद से मुक्ति दी
सितंबर में बड़ा पलासी से रामगढ़ व रामगढ़ से दाडी पुल का शिलान्यास
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि संथाल परगना के लोग अब जाग रहे हैं। यही वजह रही कि 40 साल बाद दुमका को परिवारवाद से मुक्ति मिल गई। यह संताल परगना की जनता सोचना चाहिए कि रांची का रहने वाला जामा का विकास कैसे कर सकता है। आपकी आवश्यकताओं को वह कैसे पूरा कर सकता है। आपकी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए जामा का ही कोई प्रतिनिधि होना चाहिए। यही बात संताल परगना के सभी विधानसभा क्षेत्र में लागू होती है, क्योंकि संताल परगना बाप, बेटा, बहु यानी परिवारवाद के कब्जे में रहा, और विकास की बाट जोहता रहा। जिसे आपने सम्मान दिया उसने आपको भ्रम में रख अपनी मत पेटी भरी है। संताल परगना में झामुमो ने सबसे अधिक जमीन लूटी गई। भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी है। परिवारतंत्र यहां नहीं है। सबका साथ सबका विकास के मूलमंत्र से कार्य होता है। तुष्टीकरण और परिवारवाद भाजपा की परिपाटी नहीं रही है। सीएम मंगलवार को दुमका के जामा में भाजपा द्वारा आयोजित संगठन पर्व सदयस्ता अभियान कार्यक्रम में बोल रहे थे।
सदस्यता अभियान मिलने का माध्यम
सीएम ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान जामा की जनता से वादा किया था कि फिर आपके बीच आऊंगा। यह सदस्यता अभियान आपसे मिलने का माध्यम है। पुरानी मांग बड़ा पलासी से रामगढ़ को जोड़ने वाली पुल निर्माण रहा है साथ ही रामगढ़ से दाढ़ी पथ पर पुल निर्माण की भी मांग थी। इन मांगों को पूरा करने फिर से सितंबर में आऊंगा। इन दोनों पुलों की आधारशिला मैं रखूंगा। 2014 के बाद से ही मेरा लक्ष्य था कि संताल परगना को बदलना है। उस निमित कार्य भी हो रहें हैं।
भाजपा के कार्यकर्ता हर वर्ग तक पहुंचे
भाजपा का यह सदस्यता अभियान समाज के हर वर्ग तक पहुंचे, क्योंकि हर कोई विकास और बदलाव चाहता है। भाजपा इसी को लक्ष्य मानकर कार्य कर रही है । भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिम्मेवारी इस क्षेत्र में और बढ़ जाती है। मोर्चा के सदस्यों को बूथ कमिटी पर ध्यान देना है। उसे मजबूत करना है, लोगों को जोड़ना है। राज्य में 30 जुलाई तक 25 लाख सदस्य बनाने हैं।
केंद्र और राज्य में एक सरकार होने से होता है विकास
केंद्र और राज्य में एक पार्टी की सरकार होने का फायदा मिलता है। सरकार की योजनाएं जन -जन तक पहुंचती हैं। झारखंड के संदर्भ में बात करें तो केंद्र सरकार की सभी योजनाओं से राज्य की जनता को लाभान्वित किया गया है। यह वही राज्य है, जिसे 2014 के पहले भ्रष्टाचार के नाम से जाना जाता था। लेकिन वर्तमान सरकार, बेदाग सरकार है।
भ्रम फैला कर विकास से अछूता रखा
2014 से पहले सिर्फ भ्रम फैलाकर विकास से राज्य की जनता को अछूता रखा गया। यहां की आधारभूत संरचना व मूलभूत सुविधाओं पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। वर्तमान सरकार द्वारा 30 लाख घरों तक बिजली पहुंचाई गई। जरूरत के अनुरूप ग्रीड और सब स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। वितरण और संचरण व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। अक्टूबर तक 22 से 24 घंटा राज्य की जनता को बिजली उपलब्ध हो यह व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में 30 सितंबर तक स्ट्रीट लाइट, पीने का पानी, पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण के लिए डेडलाइन दिया गया है। जल्द गांव की सड़कें दुरुस्त होंगी, गांव रोशन होगा।

