रांची. झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में शनिवार सुबह से ही तेज हवा के साथ बारिश हो रही है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी खबर है. वहीं मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कुछ जिलों के लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है.
मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट देवघर, दुमका, धनबाद और पूर्वी सिंहभूम जिले के कुछ भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश तथा वज्रपात की चेतावनी दी गयी. इससे पहले ऑरेंज अलर्ट को लेकर एक अलग चेतावनी जारी की गयी थी, जिसमें रांची के अलावा गुमला, सिमडेगा, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़ , बोकारो और गिरिडीह जिले के कुछ भागों में भी मध्यम दर्जे की बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गयी. इस चेतावनी के अनुरूप रांची समेत अन्य इलाकों में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई.
सुबह से ही रूक-रूक कर लगातार हो रही बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी है. हालांकि मौसम पूर्वानुमान में यह भी जानकारी दी गयी है कि 14 मार्च से आसमान साफ हो जाएगा.

