चतरा: कोरोना वैश्विक महामारी में एक ओर जहां केंद्र व राज्य सरकार तथा प्रशासन तंत्र लोगों को कोविड 19 वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए विभिन्न उपायों में लगी है. वहीं जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड की जिप सदस्या छाया देवी व उनके पति समाजसेवी अरुण सिंह का परिवार तथा उनके समर्थक भी कोरोना वायरस से निपटने के लिए कान्हाचट्टी प्रखंड में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं.
दरअसल वर्तमान समय मे ज़िप सदस्या छाया देवी अपनी बीमारी के कारण बंगलौर में इलाज करवा रही है. इसके बावजूद क्षेत्र में गरीबों की सेवा के कारण इस परिवार की चारों ओर प्रशंसा हो रही है. जिप सदस्या छाया देवी के निर्देशन में निजी खर्च से क्षेत्र में गरीब परिवार और दिहाड़ी मजदूरों के बीच लॉक डाउन की मुश्किल घड़ी में राहत सामग्री पहुंचाने का काम चल रहा है. वही सैनिटाइजर वैन के जरिए पूरे गांव का सैनिटाइज भी किया जा रहा है.
ठीक ही कहा गया है कि दिल में समाज सेवा करने की तमन्ना हो तो सरकारी फंड का इंतजार नहीं बल्कि निजी फंड से भी गरीबों के चेहरों पर मुस्कान लायी जा सकती है. प्रधानमंत्री द्वारा कोरोना महामारी से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के बाद जिप सदस्या छाया देवी की तरफ से निरंतर कन्हाचट्टी प्रखंड के दसों पंचायत में निवास करने वाले जरूरतमंद लोगों तक खाद्य एवं राहत समाग्री का वितरण किया जा रहा है. दूसरी ओर जिप सदस्या व उनके परिवार द्वारा पूरे कान्हाचट्टी को सैनिटाइज करवाने का भी लक्ष्य रखा गया. इसके तहत आसपास के तमाम क्षेत्रों में सैनेटाइज का काम भी निरंतर चल रहा है.
जिप सदस्या के परिवार के लोग व समर्थक सिनेटाइज के अलावा लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग में रहने की भी सलाह दे रहे है. लोगों को बताया जा रहा है कि वे एक दूसरे से कम से कम एक मीटर की दूरी पर रहें. साथ ही हाथ मिलाने की जगह लोगों को नमस्ते करें.
जिप सदस्या छाया देवी के परिजन बिभूति सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए जिप सदस्या के निर्देश पर पूरे प्रखंड क्षेत्र में राहत सामग्री का पांच हजार पैकेट तैयार किया गया है, जिसके वितरण का काम प्रारम्भ है. उन्होंने बताया कि सामग्री में 5 किलोग्राम चावल, दो किलोग्राम आलू, आधा किलो दाल, आधा किलो तेल व एक किलो नमक का पैकेट दिया जा रहा है.
इधर स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लॉक डाउन में जिप सदस्या छाया देवी की ओर से राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है. इससे इस मुश्किल की घड़ी में उनकी परेशानियां काफी कम हो गई है और जिप सदस्य की इस पहल से ग्रामीण काफी खुश नजर आ रहे हैं.
वहीं ज़िप सदस्या छाया देवी ने बेंगलुरु से वीडियो के जरिये जनता के नाम संदेश दिया है. संदेश में कहा गया है कि पूरा विश्व वैश्विक महामारी से जूझ रहा है. इस महामारी से लड़ने के लिए बचाव ही एकमात्र ताकत है. उन्होंने कहा कि हमारे प्रखंड में भी इस वायरस से बचाव के लिए कार्य किया जा रहा है. मेरा पूरा परिवार और कार्यकर्ता गरीबों के बीच राहत सामग्री बांट रहे है. प्रत्येक दिन दो पंचायत को सैनिटाइज किया जा रहा है. जिप सदस्या ने लोगों से घर के बाहर निकलने से मना किया और बार बार हाथ धोने की भी सलाह दी.

